आदिवासी एक्सप्रेस/दीपक यादव
पांडू,पलामू। पांडू प्रखंड के विभिन्न नदी घाटों से अवैध बालू खनन का कारोबार लगातार जारी है।ग्रामीणों का आरोप है कि कुटमू,फुलिया,बरवाही तथा बाकी नदी घाटों पर प्रतिदिन बड़े पैमाने पर बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है,जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि रात्रि 8 बजे से ही ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के माध्यम से बालू की ढुलाई शुरू हो जाती है और दर्जनों वाहन बालू लेकर क्षेत्र से बाहर जाते हैं।ग्रामीणों के अनुसार,एक ओर जहां स्थानीय लोगों को निर्माण कार्य के लिए बालू महंगे दामों पर खरीदनी पड़ रही है,वहीं दूसरी ओर अवैध खनन से जुड़े लोगों द्वारा खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर बालू माफिया द्वारा धमकियां भी दी जाती हैं।बताया जाता है कि बीती रात कुटमू,फुलिया,बरवाही और बाकी नदी क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों और बालू कारोबारियों के बीच झड़प भी हुई थी।हालांकि किसी पक्ष की ओर से आधिकारिक शिकायत की पुष्टि नहीं हो सकी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध बालू खनन पर तत्काल रोक लगाने,दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा राजस्व की हो रही क्षति को रोकने की मांग की है।वहीं पांडू अंचल अधिकारी रणबीर कुमार से फोन पर बात करने पर इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।ठीक ठीक बोलकर फोन काट दिया गया।
