Birsa Times

सांड ने मोटरसाइकिल सवारों को मारी टक्कर, महिला की हालत नाजुक

सांड ने मोटरसाइकिल सवारों को मारी टक्कर, महिला की हालत नाजुक

रामपुरा (जालौन)। माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के रामपुरा कस्बे में काली पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर एक आवारा सांड ने मोटरसाइकिल सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला और पुरुष दोनों सड़क पर उछलकर गिर गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को लगभग 2 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार महिला और पुरुष रामपुरा क्षेत्र से गुजर रहे थे। तभी काली पेट्रोल पंप के समीप अचानक एक सांड सड़क पर आ गया और मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आईं।

घटना को देखकर राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए रामपुरा सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। घायल महिला की पहचान गीता दोहरे, निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

डॉक्टरों ने जांच के बाद गीता दोहरे की हालत गंभीर एवं नाजुक देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया। वहीं घायल पुरुष का उपचार अस्पताल में जारी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि आवारा सांड और मवेशियों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *