आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो /कृष्णा गोस्वामी
देवघर – देवघर जिले के पालोजोरी प्रखंड अंतर्गत दुधानी पंचायत के मकरकेंदा गाँव में बाराटाड से पालोजोरी तक बन रही सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। निर्माण कार्य के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
घरों में घुस रहा बारिश का पानी
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में बरती गई लापरवाही के कारण उनकी समस्याएँ बढ़ गई हैं। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद सड़क पर जलजमाव हो गया और बारिश का पानी सीधे कई घरों में घुस गया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण एजेंसी ने पहले से बनी पुरानी नाली को भी तोड़ दिया, जिससे पानी निकासी का मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार गाँव के समीप पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बारिश का पानी ढलान के साथ गाँव की ओर आता है। वहीं सड़क का स्तर घरों से ऊँचा होने के कारण पानी के निकलने का रास्ता नहीं बचा है।
150 परिवार प्रभावित
इस समस्या से गाँव के करीब 150 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। जलजमाव की वजह से लोगों को रोजाना घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे आवागमन में परेशानी बढ़ गई है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
क्या बोले अधिकारी?
सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर विभाग के कनीय अभियंता राजाउल रहमान ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा, “मैं जल्द ही मौके पर पहुँचकर ग्रामीणों से बातचीत करूंगा। जल निकासी के लिए नाली निर्माण सहित अन्य तकनीकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।”
फिलहाल ग्रामीणों की नजरें विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से और जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरा किया जाए।
हो रहे सड़क निर्माण में लापरवाही: मकरकेंदा गाँव में बारिश का पानी घरों में घुसा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
