167 वाहनों की जांच, 2.03 लाख का जुर्माना, कई वाहन जब्त
रांची। जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में कांके रोड, रिंग रोड, मेसरा, ओरमांझी और तुपुदाना क्षेत्रों में सघन वाहन दस्तावेज जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहनों की जांच कर नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 167 वाहनों के कागजातों की बारीकी से जांच की गई। इसमें टैक्स, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और ओवरलोडिंग से जुड़े पहलुओं को शामिल किया गया। जांच में जिन वाहनों के कागजात अधूरे पाए गए या नियमों का पालन नहीं किया गया, उन पर सख्त कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान 8 वाहनों पर कुल 2 लाख 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 वाहनों को ओरमांझी थाना और 3 वाहनों को मेसरा ओपी में जब्त कर सुरक्षित रखा गया है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि टैक्स नहीं देने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ऐसे वाहनों की पहचान के लिए जांच अभियान को और तेज किया जाएगा। प्रशासन का साफ कहना है कि यातायात नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा और सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। डीसी ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें। बिना फिटनेस, बिना बीमा या ओवरलोडिंग जैसे नियमों का उल्लंघन न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।