देवघर में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 13 आरोपी गिरफ्तार

cyber criminal

संवाददाता प्रेम रंजन झा

देवघर पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना की टीम ने सारठ थाना क्षेत्र के पुरनियांखेड़ा-डकाई जंगल इलाके में छापेमारी कर एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 13 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क में सक्रिय थे। ये लोग खुद को Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank और अन्य संस्थाओं के कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और उन्हें झांसे में लेकर ठगी को अंजाम देते थे। आरोपियों द्वारा गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर लोगों का भरोसा जीतने का प्रयास किया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी PhonePe और Paytm के नाम पर कैशबैक का लालच देकर गिफ्ट कार्ड बनवाते थे और फिर उसे रिडीम कर रकम हड़प लेते थे। इसके अलावा, Airtel Payment Bank के नाम पर खातों को बंद या चालू करने का झांसा देकर भी ठगी की जाती थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन और 28 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। सभी आरोपियों की उम्र करीब 19 से 34 वर्ष के बीच बताई जा रही है और वे अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना की टीम द्वारा की गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें, ताकि साइबर ठगी से सुरक्षित रहा जा सके।

Related posts

Leave a Comment