Birsa Times

चचेरे भाई की हत्या का खुलासा, जमीन विवाद में रची गई थी साजिश; तीन आरोपी गिरफ्तार

चचेरे भाई की हत्या का खुलासा, जमीन विवाद में रची गई थी साजिश; तीन आरोपी गिरफ्तार

अजय कुमार कुशवाहा
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज

बरहेट/साहिबगंज :बरहेट थाना में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल की अध्यक्षता में चर्चित हत्या कांड का खुलासा किया गया। प्रेस वार्ता में बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया, पुलिस निरीक्षक एवं अन्य पुलिस बल मौजूद रहे।एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि दिनांक 08 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे सूचना प्राप्त हुई थी कि बरहेट थाना क्षेत्र के छोटा उदाली निवासी सीताराम हेंब्रम की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मामले में बरहेट थाना कांड संख्या 60/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जेठा हेंब्रम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक सीताराम हेंब्रम उसका चचेरा भाई था और दोनों परिवारों के बीच पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले छह से सात वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण उसने हत्या की साजिश रची।आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने गांव के ही बेटका डुडू उर्फ पुष्पराज तथा झारखंडी दादा उर्फ ताला मरांडी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। हत्या को अंजाम देने के लिए हथियार और गोली की व्यवस्था की गई। आरोपी ने बताया कि काम कराने के लिए एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें 40 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे।घटना वाले दिन सभी आरोपी मृतक के घर पहुंचे और बातचीत के बहाने उसे बाहर बुलाया गया। इसी दौरान सीताराम हेंब्रम पर गोली चला दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेठा हेंब्रम, बेटका डुडू उर्फ पुष्पराज तथा झारखंडी दादा उर्फ ताला मरांडी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रेस वार्ता में पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
इस कांड के उद्भेदन में गठित छापेमारी दल में एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, पुलिस निरीक्षक गुनेश्वर राय, बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *