Birsa Times

बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का हुआ खुलासा

बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का हुआ खुलासा

अजय कुमार कुशवाहा
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज

साहिबगंज: जिले के रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत केंदुआ आमगाछी गांव में बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। गुरुवार को भारी पुलिस बल के साथ की गई छापेमारी में बंद पड़े एक घर से एक दर्जन से अधिक अवैध हथियार, अर्धनिर्मित हथियार तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें और उपकरण बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, बिहार की राजधानी पटना में हथियार के साथ पकड़े गए एक युवक से पूछताछ के दौरान साहिबगंज जिले में अवैध हथियार निर्माण की सूचना मिली थी। इसके बाद बिहार एसटीएफ ने साहिबगंज पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई अर्धनिर्मित हथियार और निर्माण सामग्री जब्त की। हालांकि कार्रवाई से पहले ही फैक्ट्री से जुड़े आरोपी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल सहित बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस के कई अधिकारी व जवान मौजूद रहे। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध हथियार फैक्ट्री का नेटवर्क किन जिलों और राज्यों तक फैला हुआ था तथा यहां निर्मित हथियारों की आपूर्ति कहां-कहां की जाती थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *