Birsa Times

बरहरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बरहरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

आदिवासी एक्सप्रेस
प्रिंस मिश्रा

बरहरवा थाना पुलिस ने बुधवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पतना-केन्दुआ मुख्य मार्ग स्थित विजयपुर गांव के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान की। मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 115/2026 दिनांक 06 मई 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नितिन खंडेलवाल ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए विशेष छापेमारी दल का गठन किया। गठित टीम में बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार राणा, सहायक अवर निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, धवेन्द्र कुमार पासवान सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस टीम ने बुधवार सुबह करीब 8:20 बजे पतना-केन्दुआ मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान बस संख्या BR02PB-6518 को रोककर तलाशी ली गई। बस में सफर कर रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान उनकी पहचान असीम मोहंती (34 वर्ष) एवं प्रफुल चन्द्र देवड़ी (22 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों आरोपी ओडिशा के निवासी बताए गए हैं।

तलाशी के दौरान दोनों के बैग से कुल 10 बंडल गांजा बरामद किया गया। प्रत्येक बंडल का वजन करीब 2 किलोग्राम था, जबकि कुल वजन 20.180 किलोग्राम पाया गया। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में पूछे जाने पर दोनों आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हिरणपुर थाना क्षेत्र के सीएसपी सेंटर के समीप दुर्गा मंडप निवासी मदन भगत के साथ मिलकर पिछले दो वर्षों से अवैध गांजा की खरीद-बिक्री में संलिप्त थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी असीम मोहंती का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ ओडिशा के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती एवं आर्म्स एक्ट के तहत कुल 8 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा झारखंड में भी उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज बताए गए हैं, जिनमें एक मामला साहिबगंज जिले के मुफस्सिल थाना में लंबित है।

पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार राणा, थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, एएसआई अविनाश कुमार सिंह, एएसआई धवेन्द्र कुमार पासवान एवं बरहरवा थाना के सशस्त्र बल शामिल थें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *