आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
इटखोरी (चतरा): जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला इटखोरी थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक कार और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दो सगे संबंधियों की दर्दनाक मौत हो गई । हादसा चौपारण-बरही मुख्य मार्ग पर परसौनी चौक के समीप हुआ। मृतक ऋषि पासवान और अभिषेक पासवान चौपारण के कर्मा गांव के रहने वाले थे, जो अपने घर से अपनी नानी घर इटखोरी के परोका गांव आ रहें थे। जहां आने के दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार दो युवक इटखोरी के करनी हिमांशु कुमार और पत्थल्गड्डा निवासी विक्रम कुमार, जो अपने रिश्तेदार के यहां चयकला महराजगंज शादी समारोह में एलईडी टीवी कैमरा लेकर वीडियोग्राफी के लिए जा रहे थे। इस भीषण दुर्घटना में वे दोनों भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पाकर इटखोरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों की सहायता से घायलों को सामुदायिक अस्पताल इटखोरी लाया गया जहां घायलों का प्राथमिक उपचार कर घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए गहन चिकित्सा के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। इटखोरी पुलिस ने इस दुर्घटना में मृत युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि इटखोरी पुलिस द्वारा लगातार सख्त सुरक्षा जागरूकता यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चला रही है। नियम का पालन करें सभी हेलमेट पहनकर हीं सड़क पर चले ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। यह निर्देश विशेष रूप से दो पहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए जारी किया गया है और इसका पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आज जो घटना घट रही है उसका कारण है शराब का सेवन और हेलमेट न पहनना। जिसके कारण कई माताओं की गोद सुनी होते जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है।
