आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल,मची चीख-पुकार
एक मासूम रेफर, स्कूल प्रबंधन पर उठ रहे सवाल
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
हंटरगंज(चतरा): हंटरगंज थाना क्षेत्र के हंटरगंज – औरु मुख्य पथ पर झीकटिया गांव के समीप शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरे वाहन पलट जाने से आधा दर्जन से अधिक बच्चें घायल हो गए।घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। मासूम सहमे हुए हैं।घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बच्चों को रेस्क्यू कर वाहन से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि स्कूल वाहन में कुल 20 बच्चे सवार थे।घायलों को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया गया।घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार हंटरगंज – औरू मुख्य पथ झीकटीया गांव के समीप हंटरगंज उत्कर्ष पब्लिक स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही सवारी वाहन की अचानक संतुलन बिगड़ गया। इससे वैन पलट गई। इस हादसे में वैन में सवार कुल आठ बच्चे घायल हो गए।घटना के समय वैन में 20 से 25 बच्चे सवार थे। हादसे में ढेबो निवासी अरविंद पासवान के 10 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने गया मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है। हालांकि कुछ लोगों को कहना था कि शादी में रात में चलने के कारण चालक सोया नहीं होगा जिसके वजह से चालक को झपकी आई, जबकि कुछ लोगों को कहना है कि वाहन का ब्रेक फेल हो गया जिससे वैन का संतुलन बिगड़ गया और पलट गई। हादसे के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और बच्चों को वैन से बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। तब तक वाहन वहां से नौ दो ग्यारह हो चुका था।पुलिस घटना की जांच कर रही है।
घायल बच्चों की पहचान
घायल बच्चों में ढेबो गांव के अरविंद पासवान की 9 वर्षीय पुत्र तम्मना कुमारी, 10 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार, गुड्डू कुमार के 10 वर्षीय पुत्री स्वीटी रानी, जबकि 5 वर्षीय पुत्र पियूष कुमार रामबरत यादव के 8 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी, धीरेन्द्र कुमार गुप्ता के 9 वर्षीय पुत्र आदर्श कुमार, कृष कुमार, और जितेंद्र यादव के 5 वर्षीय पुत्री सत्यम कुमार है। इसमें ऋतिक कुमार की स्थिति खराब होने की वजह से चिकित्सकों ने गयाजी मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है। वाहन पलटने के बाद आक्रोशित अभिभावकों ने अस्पताल पहुंचकर वाहन की जर्जर स्थिति और फिटनेस न होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंचकर अभिभावकों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इधर हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि इस हादसे में कुछ बच्चों को हल्की चोट पहुंची है, जबकि एक बच्चा रेफर हो गया है। सभी बच्चों की हालत सामान्य है। पुलिस हर एक एंगल पर गहनता से जांच कर रही है।
