शिकारीपाड़ा/दुमका/
आदिवासी एक्सप्रेस।
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरायदहा के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जहाँ एक बाराती बस 11,000 वोल्ट के हाई-वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गई। इस हादसे में बस की छत पर बैठे लगभग आधा दर्जन बाराती झुलस गए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए दुमका अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, ‘इजाज ट्रैवल्स’ की यह बस पाकुड़िया थाना क्षेत्र से शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बुसकी की ओर जा रही थी। बस के ड्राइवर अभिलाल मुर्मू ने बताया कि गाँव पहुँचने के दौरान कई बाराती बस की छत पर सवार होकर नाच-गा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार नीचे लटका हुआ था, जिसे बाराती देख नहीं पाए और उसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के तार काफी नीचे थे, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रहे हैं।
