Birsa Times

परसिया गांव में रास्ता विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट; पांच घायल

परसिया गांव में रास्ता विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट; पांच घायल

वर्षों पुराने रास्ता विवाद में फिर भड़की तनातनी, पहले भी थाना पहुंचा था मामला, पुलिस जांच में जुटी
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा :
हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तरवागड़ा पंचायत के परसिया गांव में वर्षों से चले आ रहे रास्ता विवाद ने बुधवार की देर शाम करीब 7 बजे हिंसक रूप ले लिया। रास्ते के अधिकार को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और हाथापाई में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों की सूचना पर सभी घायलों को तत्काल हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार परसिया गांव निवासी गनौरी यादव एवं धनंजय सिंह के बीच रास्ते को लेकर कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। इस मामले को लेकर गनौरी यादव ने पूर्व में अंचल कार्यालय में आवेदन देकर रास्ते का स्थायी समाधान कराने की मांग की थी। तत्कालीन अंचल अधिकारी रितिक कुमार ने दोनों पक्षों को संबंधित भूमि एवं रास्ते से जुड़े दस्तावेज अंचल कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया था, ताकि जांच के बाद उचित निर्णय लिया जा सके। बताया जाता है कि करीब तीन दिन पहले भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों ने हंटरगंज थाना में अलग-अलग आवेदन देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए थे। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। हालांकि जांच पूरी होने से पहले ही बुधवार को विवाद फिर से भड़क उठा और मारपीट की घटना हो गई।मारपीट में एक पक्ष से पंकज कुमार यादव (31 वर्ष), शांति देवी (53 वर्ष) एवं सुजीत कुमार यादव (19 वर्ष) घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से अक्षय कुमार सिंह (26 वर्ष) एवं गौरव राज (26 वर्ष) घायल बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद हंटरगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। गांव में किसी प्रकार का तनाव न फैले, इसके लिए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि रास्ता विवाद का समय रहते प्रशासनिक स्तर पर स्थायी समाधान कर दिया जाता, तो इस तरह की हिंसक घटना से बचा जा सकता था। अब लोग प्रशासन से विवादित रास्ते की निष्पक्ष जांच कर जल्द समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं। इधर थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर ली गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *