आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
पाटन,(पलामू): पाटन प्रखंड के पंचकेड़िया–किशुनपुर मुख्य पथ पर पंचकेड़िया मोड़ से लगभग 200 मीटर की दूरी पर किशुनपुर जाने वाले मार्ग में बिजली का पोल टूट जाने के कारण बिजली का तार पिछले करीब दो माह से सड़क पर गिरा हुआ है। इसके बावजूद अब तक बिजली विभाग द्वारा इसे हटाने या पोल की मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर बिजली का तार गिरा रहने से राहगीरों, स्कूली बच्चों एवं वाहन चालकों को हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर चिंता जताते हुए जल्द से जल्द टूटे हुए बिजली के पोल को बदलने तथा सड़क पर गिरे तार को सुरक्षित ढंग से ऊपर उठाकर बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
दो माह से सड़क पर लटका बिजली का तार, बड़ी दुर्घटना की आशंका
