महागठबंधन में झामुमो-झाविमो और राजद के उम्मीदवार फाइनल

महागठबंधन में शामिल झामुमो, झाविमो और राजद ने अपने उम्मीदवार तय कर लिए हैं। झामुमो ने अपने खाते की चार सीटों दुमका से पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन, राजमहल से विजय हांसदा, गिरिडीह से जगरनाथ महतो और जमशेदपुर से आस्तिक महतो को प्रत्याशी बनाने पर सहमति बना ली है। सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी है।

वहीं शनिवार को झाविमो ने भी अपने हिस्से वाली दो सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। कोडरमा से झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और गोड्डा से प्रदीप यादव चुनाव लड़ेंगे। महागठबंधन के तहत राजद के लिए सिर्फ एक पलामू सीट छोड़ी गई है। लेकिन उसने दो सीटों पलामू और चतरा से प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पलामू से घूरन राम और चतरा से सुभाष यादव को चुनाव मैदान में उतारा है। उनके नामांकन पत्र भरने की तिथि भी घोषित कर दी है।

लेकिन कांग्रेस अभी तक अन्य घटक दलों से काफी पीछे है। गठबंधन में कांग्रेस के हिस्से में सात सीटें आई हैं। इनमें से महज दो सीट रांची से सुबोधकांत सहाय और सिंहभूम से गीता कोड़ा के नाम पर ही सहमति बन पाई है। अन्य पांच सीटों हजारीबाग, लोहरदगा, खूंटी, चतरा और धनबाद सीट पर अपने प्रत्याशियों के नाम अब तक तय नहीं किए जा सके हैं। इसे लेकर कांग्रेस टिकट के दावेदारों में तो बेचैनी है ही, उनके समर्थक भी असमंजस में हैं।

झामुमो झारखंड सहित चार राज्यों में चुनाव लड़ेगा। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी झारखंड व बिहार में चार-चार सीटों पर, पश्चिम बंगाल में सात सीटों पर और ओडिशा में एक सीट पर प्रत्याशी उतारेगा। 48 घंटे के भीतर सभी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। झामुमो झारखंड में दुमका, राजमहल, गिरिडीह व जमशेदपुर सीट से लड़ेगा तो बिहार में किशनगंज, पूर्णिया, बांका व गया से उम्मीदवार देगा। प. बंगाल के रायगढ़ी, मालदा नॉर्थ व साउथ, बलूरघाट, बोलपुर, वीरभूम, आसनसोल, बांकुरा, पुरुलिया व झारग्राम और ओडिशा के मयूरभंज से चुनाव लड़ेगा। ओडिशा में झामुमो का कांग्रेस संग गठबंधन है।

लोहरदगा से भाजपा के उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत चार अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। वहीं पलामू के भाजपा प्रत्याशी वीडी राम ने आठ अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की बात कही है। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन भरने की तिथि पर प्रदेश भाजपा ने भी मंजूरी दे दी है। इनके नामांकन के समय पार्टी के कई वरीय नेता मौजूद रहेंगे।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि राजद अभी भी महागठबंधन में है। प्रदेश राजद ने पार्टी के शीर्ष नेताओं से कहा है कि वह पलामू और चतरा से चुनाव लड़ेगा, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष का फैसला अंतिम होगा। चतरा से राजद प्रत्याशी सुभाष यादव पांच अप्रैल को और पलामू प्रत्याशी घूरन राम छह अप्रैल को नामांकन भरेंगे। उन्होंने कहा कि रविवार को झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के आवास पर महागठबंधन की बैठक होगी। इसमें राजद अपनी बात रखेगा और आग्रह करेगा कि जीतने वालों को मौका दें। राणा शनिवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।

भाजपा ने अपने हिस्से में आई 13 में से 10 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। लेकिन तीन सीटों पर अब तक कोई निष्कर्ष नहीं निकला है। पार्टी ने उम्र का हवाला देते हुए रांची सांसद रामटहल चौधरी का टिकट काट दिया है। कोडरमा के डॉ. रवींद्र राय और चतरा के सांसद सुनील सिंह का टिकट भी होल्ड पर रखा गया है। राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। कोडरमा से अन्नपूर्णा और चतरा से गिरिनाथ के नाम पर भी विचार चल रहा है।

रामटहल चौधरी के बगावती तेवर के कारण कोडरमा और चतरा सीट पर फैसला लेने में भी पार्टी फूंक-फूंक कर कदम रखना चाहती है। पार्टी देख रही है कि कहीं इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों में भी वर्तमान सांसदों के विरोध का सामना नहीं करना पड़े। हालांकि दोनों सांसदों ने पार्टी लाइन में चलने की बात कही है। यानी रांची सीट ने भाजपा की कोडरमा और चतरा से उम्मीदवारों की घोषणा भी लटका दी है।

     

Related posts

Leave a Comment