आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा
साहिबगंज। बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-14 स्थित लबदा के असमला पोखर के समीप बरहरवा–पाकुड़ मुख्य सड़क पर वर्षों से सूखी अवस्था में खड़ा एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर गया .संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय पेड़ की चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया. जिससे किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई.स्थानीय लोगों के अनुसार यह पीपल का पेड़ लंबे समय से पूरी तरह सूख चुका था और कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई थी. इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा इसे हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई. शुक्रवार को अचानक पेड़ गिरने से आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस समय पेड़ गिरा उस दौरान बरहरवा–पाकुड़ मुख्य सड़क से लोगों और वाहनों का आवागमन हो रहा था. गनीमत रही कि किसी भी व्यक्ति या वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह पेड़ कुछ देर पहले या बाद में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि बरहरवा–पाकुड़ मुख्य सड़क सहित अन्य क्षेत्रों में वर्षों से सूखे और जर्जर पेड़ों की पहचान कर उन्हें अविलंब हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.स्थानीय लोगों ने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सूखे और खतरनाक पेड़ों की समय रहते कटाई और हटाने की दिशा में प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने की आवश्यकता है.वही सड़क पर विशाल पेड़ के गिरने से सड़क पर वाहनों का आवागमन घंटो बाधित रहा.
बरहरवा–पाकुड़ मुख्य सड़क पर वर्षों से सूखी एक विशाल पीपल का पेड़ गिर गया
