आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो कुमार आस्तिक गिरि उर्फ़ कृष्णा
देवघर : सारवां प्रखंड क्षेत्र की बंदाजोरी पंचायत अंतर्गत बंदाजोरी गांव जाने वाली एकमात्र कच्ची सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। गांव की अच्छी-खासी आबादी होने के बावजूद आज तक यहां पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
बरसात के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से राहगीरों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता। इसका खामियाजा दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी भुगतना पड़ रहा है। आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और छोटे-बड़े हादसों का शिकार हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में यह सड़क ग्रामीणों के लिए “जी का जंजाल” बन जाती है और मरीजों, स्कूली बच्चों तथा किसानों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
बंदाजोरी गांव की बदहाल सड़क बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, बरसात में आवागमन हुआ दूभर
