Birsa Times

गिरिडीह: श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान गांवा में बड़ा हादसा, तालाब में नहाने के दौरान डूबने से किशोरी समेत दो महिलाओं की हुई मौत

गिरिडीह: श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान गांवा में बड़ा हादसा, तालाब में नहाने के दौरान डूबने से किशोरी समेत दो महिलाओं की हुई मौत

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र के भीखी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से एक महिला और एक किशोरी की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान पांच महिलाएं तालाब में स्नान करने गई थीं। ग्रामीणों की तत्परता से तीन अन्य महिलाओं की जान बचा ली गई। मिली जानकारी के अनुसार, भीखी गांव के एक परिवार में श्राद्ध कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान परिवार और गांव की कुछ महिलाएं पास के तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के क्रम में अचानक पांच महिलाएं गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। महिलाओं को डूबता देख वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बिना देर किए तालाब में उतरकर सभी महिलाओं को बाहर निकाला और इलाज के लिए गांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद कलवतिया देवी (44 वर्ष) और अंजली कुमारी (17 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन महिलाओं का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गांवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे भीखी गांव में शोक की लहर फैल गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *