रिपोर्ट – ललित कुमार पाल
दुमका। दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर काठीकुंड थाना क्षेत्र के गांधी चौक के समीप सुबह-सुबह एक भीषण सड़क हादसा होते-होते बचा। अमड़ापाड़ा के पचुवाड़ा से भारी मात्रा में कोयला लादकर दुमका रेलवे साइडिंग की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया। रफ्तार इतनी तेज थी कि वाहन सीधे पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ उसके ऊपर जा चढ़ा।
राहत की बात यह रही कि हाइवा पुल की रेलिंग पर ही अटक गया और नीचे नहीं गिरा, अन्यथा एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था। इस खतरनाक वाकये में हाइवा के चालक और उपचालक (खलासी) की जान बाल-बाल बच गई और दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कोयला ढोने वाले हाइवा चालकों की मनमानी और अत्यधिक रफ्तार एक बड़ी मुसीबत बन चुकी है। आए दिन ये तेज रफ्तार वाहन सड़कों पर कहर बरपाते हैं, जिसके कारण इस रूट पर पहले भी कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रशासन से लगातार शिकायत के बावजूद इन बेलगाम हाइवा की रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश है।
