Birsa Times

अवैध कब्जे के प्रयास में दबंगों ने ट्रैक्टर से दीवार गिराई

अवैध कब्जे के प्रयास में दबंगों ने ट्रैक्टर से दीवार गिराई

माधौगढ़ (जालौन)। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत गालमपुरा निवासी रामौतार प्रजापति पुत्र रामदयाल प्रजापति ने थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने दबंगई दिखाते हुए उनके मकान की दीवार और टीन शेड ट्रैक्टर से गिराकर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया।

पीड़ित के अनुसार वह गाटा संख्या 247, रकबा 0.121 हेक्टेयर भूमि के संक्रमणीय काबिज मालिक हैं, जहां उनका मकान और बाड़ा बना हुआ है। आरोप है कि 5 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे, जब वह घर पर नहीं थे और घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं, तभी गांव के उपेन्द्र कुमार उर्फ शैलू, लल्लू, हिमांशु पुत्रगण महावीर प्रसाद अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज की और ट्रैक्टर की चांटी (ठेल) से मकान की दीवार तथा टीन शेड गिरा दिया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों के साथ कुछ अज्ञात लोग भी थे, जिनके हाथों में कट्टे और लाठियां थीं। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपित फरार हो चुके थे।

रामौतार प्रजापति का आरोप है कि आरोपित घर में घुस गए और उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया। शोर सुनकर गांव के दयाशंकर पुत्र रामदीन सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ट्रैक्टर चालक राघवेन्द्र ने कथित रूप से बताया कि उसे दीवार तोड़ने के लिए बुलाया गया था। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो भी उपलब्ध है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

नवागत प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने पीड़ित को मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *