रांची। रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित वीआईपी इलाके अशोक नगर में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। चर्चित बिल्डर निशित केसरी के आवास पर चोर घुसने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड अपनी एके-47 राइफल लेकर बाहर निकला। इसी दौरान गेट के पास अचानक राइफल से मिसफायर हो गया और निकली गोली बॉडीगार्ड को ही लग गई।
गोली लगने से बॉडीगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला मिसफायर का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं।
