देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाराकोला गांव में कुख्यात सुभाष मंडल गैंग के आतंक ने स्थानीय ग्रामीणों में दहशत फैला रखी है। रंगदारी वसूली के लिए गुंडों द्वारा की गई मारपीट और पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मोहनपुर थाना के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया।बाराकोला निवासी महावीर मोहली ने मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि बीते सोमवार को सुभाष मंडल अपने गुर्गों के साथ उनके प्लॉट पर पहुंचा, जहां ग्रामीण अपनी रैयती जमीन की घेराबंदी का काम कर रहे थे। सुभाष मंडल ने महावीर मोहली से 2 लाख रुपये रंगदारी की मांग की। इनकार करने पर गुंडों ने उनके साथ मारपीट की और काम में लगे सारे सामान को उठा ले गए।महावीर मोहली ने आरोप लगाया कि रंगदारी न देने पर पुलिस ग्रामीणों को जमीन पर काम करने से रोक देती है। उन्होंने कहा, “एक तरफ सुभाष गैंग रंगदारी मांगता है, दूसरी तरफ रक्षक ही भक्षक बन जाता है। ऐसे में हम न्याय कहां से पाएं?”
थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप
शिकायत दर्ज कराने पहुंचे महावीर मोहली के साथ गए गांव के युवक मणिकांत नागराज को थाना प्रभारी सालो हेंब्रम ने आवेदन में सुभाष का नाम पढ़ते ही गुस्से में डिटेन कर लिया। मणिकांत ने बताया कि जब उन्होंने थाना प्रभारी से कहा कि “यह न्याय की मंदिर है”, तो उन्हें 2 घंटे तक हिरासत में रखा गया। बाद में देवघर एसपी के हस्तक्षेप के बाद उन्हें छोड़ा गया।
मणिकांत ने दावा किया कि उनसे जबरदस्ती सफेद कागज पर दस्तखत भी कराए गए।इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण थाना के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने “थाना प्रभारी सुभाष मंडल को संरक्षण देना बंद करो”, “सुभाष मंडल को गिरफ्तार करो” और “मोहनपुर पुलिस हाय हाय” जैसे नारे लगाए। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी पर सुभाष गैंग को संरक्षण देने का आरोप लगाया और उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है।स्थानीय लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं और डर का माहौल बने रहने की बात कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में मोहनपुर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
