यूपी चुनाव :क्या प्रियंका गांधी होंगी मुख्यमंत्री पद की दावेदार? पूछा गया सवाल तो दिए संकेत

दिल्ली व्यूरो
यूपी चुनाव में कांग्रेस का नेतृत्व कर रहीं प्रियंका गांधी अगले चुनाव में कांग्रेस की ओर मुख्यमंत्री पद की दावेदार हो सकती हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कुछ ऐसा संकेत दिया है, जिससे इस तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। यूपी में सात चरणों में चुनाव होने हैं और कांग्रेस काफी समय बाद अपने दम पर इस चुनावी मैदान में उतरी हुई है।
यूपी कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। इस दौरान प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों मौजूद थे। एक प्रेस कांफ्रेस को संबोधित करते हुए कांग्रेस ने अपना यूथ मैनिफेस्टो जारी किया है। इसी प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जब प्रियंका गांधी से सीएम फेस को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया जिससे ये साफ होता दिख रहा है कि यूपी में चाहे चुनावी अभियान का नेतृत्व हो या फिर सीएम कैंडिडेट, वो प्रियंका गांधी ही हैं। उन्होंने सीएम फेस के एक पत्रकार के सवाल के जवाब में कहा- “अब तो दिख रहा है ना मेरा चेहरा…”
दरअसल इस बार के यूपी चुनाव में कांग्रेस की पूरी कमान प्रियंका गांधी के हाथ में है। रणनीति से लेकर घोषणा पत्र तक प्रियंका गांधी की देखरेख में तैयार हो रहा है। इस बार का चुनाव कांग्रेस, यूपी में महिलाओं और युवाओं को ध्यान में रखकर लड़ रही है। इसी क्रम में प्रियंका गांधी ने अपने वादे के मुताबिक 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिया है। जिसमें उन्नाव रेप पीड़िता की मां भी शामिल हैं।
हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि प्रियंका गांधी यूपी में चुनाव लड़ेंगी या नहीं? ना तो कांग्रेस की ओर से ना ही प्रियंका गांधी ने इस पर स्पष्ट जवाब दिया है। प्रियंका गांधी से शुक्रवार को जब यह सवाल पूछा गया, तब उन्होंने कहा कि अभी इस पर फैसला नहीं हुआ है, जब होगा तब सूचना दे दी जाएगी।
यूपी में मुख्यमंत्री बनने के लिए विधानसभा चुनाव लड़ना जरूरी नहीं है। विधान परिषद् के रास्ते सीएम की कुर्सी पाई जा सकती है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव से लेकर सीएम योगी तक ने यही किया है। हालांकि इस बार के चुनाव में सीएम योगी गोरखपुर से तो सपा प्रमुख करहल से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं।

Related posts

Leave a Comment