राहुल गांधी झारखंड में साधेंगे विपक्षी महागठबंधन

कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी की रांची के मोरहाबादी मैदान में 2 मार्च को होने वाली परिवर्तन उलगुलान महारैली झारखंड में विपक्षी महागठबंधन के लिए कितनी खास होगी, इसका अंदाजा कांग्रेसियों की तैयारियों को देखकर लगाया जा सकता है। अरसों बाद जल-जंगल जमीन की झारखंडी धरती पर सजने वाला यह बड़ा मंच जहां एक ओर से कांग्रेसियों को संजीवनी देकर जाएगा, वहीं दूसरी ओर लोकसभा चुनावों में दमदार प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री बनने की आस लगाए राहुल गांधी के लिए भी लांचिंग पैड से कम नहीं होगा।

झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास मोर्चा, राष्‍ट्रीय जनता दल सरीखी झारखंड नामधारी पार्टियों के बीच कांग्रेस एक ओर प्रदेश की लोकसभा चुनाव में बड़ा भाई बनने को आतुर दिख रही है, दूसरी ओर कांग्रेस के अंदरखाने ही विरोध के सुर बुलंद हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि इस रैली से कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी झारखंड में विपक्षी महागठबंधन के लिए लोकसभा चुनाव 2019 का आगाज करेंगे।

जबकि उनके साथ मंच पर झामुमो के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन और झारखंड विकास मोर्चा सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी भी गलबहियां डालकर भाजपा को विपक्ष की ताकत और सामूहिक एकता दिखाएंगे। 2 मार्च को पूरी रांची कांग्रेसमय करने की तैयारियों के बीच यहां ठीक उसी तरह का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है जैसा छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों के दौरान राहुल गांधी की रैलियों में बना था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार की मानें तो महारैली में विपक्ष के कई दिग्‍गज चेहरे नजर आएंगे। कांग्रेस की ओर से सभी विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं न्‍योता दिया गया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रांची आ रहे राहुल के लिए इन नेताओं को साधने की भी चुनौती होगी। बकौल प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ अजय कुमार पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह और मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री उमंग सिंघार पूरी तन्‍मयता से हर छोटे-बड़े नेता से संपर्क साधने में जुटे हैं, ताकि राहुल गांधी की रैली में कोई कोर-कसर न रह जाए।

रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाली इस मेगा रैली अपनों में उलझी कांग्रेस राहुल गांधी की रैली से कितना फायदा उठाती है, यह देखने वाली बात होगी। पिछले चार वर्षों में दो विधानसभा उपचुनाव, राज्यसभा चुनाव और गीता कोड़ा को पार्टी में शामिल कराने से कांग्रेस भले ही उत्साहित हो, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में कांग्रेस के अंदर जमकर बयानबाजी हो रही है।

कांग्रेस के कई नेता दूसरी पार्टी में जाने का मन बना रहे हैं, तो कई आने वाले चुनावों में भीतरघात की तैयारी भी कर रहे हैं। प्रदेश में कमजोर पड़ चुके कांग्रेस की वर्षों से यहां कोई ऐसी रैली नहीं हुई है जिसमें अपार भीड़ पहुंची हो, जिसने जनता को जगाया हो। लिहाजा राहुल की रैली चुनाव तक जनमानस की स्मृति पटल पर छाई रहे, कांग्रेसी फिलहाल इसी कोशिश में जी-जान से जुटे हैं।

रांची के मोरहाबादी मैदान में दो मार्च को प्रस्तावित कांग्रेस की उलगुलान रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर है। इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को आना है। उनके आगमन के चार दिन पहले ही स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम रांची पहुंच गई है। टीम के पदाधिकारियों ने राहुल गांधी की जनसभा की सुरक्षा को लेकर स्थानीय जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों व कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की। इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राहुल गांधी का स्वागत झारखंड में पारंपरिक छऊ नृत्य के साथ किया जाएगा।

12 अतिरिक्त डीएसपी भी तैनात : सहदेव कुजूर (डीएसपी, जैप टू), प्रदीप पॉल कच्छप (डीएसपी पुलिस मुख्यालय), तारामणी बाखला (डीएसपी जैप-10), निशा मुर्मू (डीएसपी जैप-10), सरोज कुमार श्रीवास्तव (डीएसपी जैप-7), तालो सोरेन (डीएसपी जैप-7), राजीव कुमार (डीएसपी जैप-6), वैद्यनाथ होरो (डीएसपी एसआइएसएफ), मधु कच्छप (डीएसपी जैप-4), अनिल कुमार (डीएसपी जैप-4), वीरेंद्र प्रसाद यादव (डीएसपी आइआरबी-2) व आमीष हुसैन (डीएसपी आइआरबी-2)।

Related posts

Leave a Comment