आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा
बरहरवा, बरहरवा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के माध्यम से ज्वलनशील पदार्थ, विदेशी शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की अवैध ढुलाई के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की। जांच के दौरान एक यात्री ट्रेन के सामान्य कोच से लावारिस बैग में रखी गई 8.67 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 7,840 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ आरक्षी अमरेश कुमार तथा सीपीडीएस टीम के आरक्षी लक्ष्मण कुमार, संतोष कुमार एवं वशिष्ठ यादव रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में नियमित जांच एवं निगरानी अभियान चला रहे थे। इसी क्रम में बुधवार को सुबह 11:42 बजे ट्रेन संख्या 53433 अप अजीमगंज-बरहरवा पैसेंजर प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर पहुंची।
जांच के दौरान टीम ने इंजन की ओर स्थित सामान्य कोच संख्या ER/102416 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीट के नीचे एक काले रंग का प्यूमा पिट्ठू बैग संदिग्ध अवस्था में रखा हुआ मिला। आरपीएफ अधिकारियों ने कोच में मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी भी यात्री ने उस पर अपना दावा नहीं किया। एक यात्री ने बताया कि बैग तिलडांगा स्टेशन से पहले ही कोच में रखा हुआ था।
इसके बाद यात्रियों की उपस्थिति में बैग की जांच की गई। बैग खोलते ही उसमें विदेशी शराब रखी हुई मिली। संदेह की पुष्टि होने पर बैग को प्लेटफॉर्म संख्या-03 स्थित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के समीप लाकर विस्तृत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैग से विभिन्न ब्रांडों की कुल 8.670 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें ओल्ड मोंक XXX व्हिस्की की चार बोतलें, बकार्डी लेमन रम की एक बोतल, रॉयल स्टेज व्हिस्की की एक बोतल, ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 19 पाउच तथा मैजिक मोमेंट ग्रेन वोडका की चार बोतलें शामिल थीं। बरामद शराब का कुल अनुमानित मूल्य 7,840 रुपये आंका गया है।
आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में बरामद शराब को विधिवत जब्त कर लिया। इसके बाद जब्त सामग्री को अग्रेतर कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया तथा मामले की सूचना उत्पाद विभाग, साहिबगंज को दे दी गई।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के माध्यम से अवैध शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संदिग्ध सामानों एवं यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
