Lok Sabha Election 2019: BJP के प्रत्‍याशी तय कड़ि‍या मुंडा आउट

झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से भाजपा के हिस्से की 13 सीटों में से दस सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए गए हैं। इन नामों पर केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर लग चुकी है और अब शनिवार को इन नामों की घोषणा होगी। झारखंड की तीन सीटों क्रमश: रांची, चतरा और    कोडरमा पर अंतिम समय तक फैसला नहीं हो सका और 25 मार्च को इन सीटों पर फैसला होगा।

इन सीटों पर राज्य कमेटी और जिला कमेटी के नामों को लेकर कई स्तर पर विरोध के कारण केंद्रीय कमेटी ने फैसला टाल दिया है और एक-दो दिनों के बाद निर्णय लिए जाने की संभावना है। स्पष्ट तौर पर जिन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर कोई संशय नहीं है उनमें हजारीबाग से जयंत सिन्हा, धनबाद से पीएन सिंह, लोहरदगा से सुदर्शन भगत, सिंहभूम से लक्ष्मण गिलुवा, जमशेदपुर से विद्युतवरण महतो और गोड्डा से निशिकांत दुबे के नाम शामिल हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार खूंटी से अर्जुन मुंडा का नाम तय हो चुका है लेकिन घोषणा के बाद ही अंतिम रूप से कुछ कहा जा सकेगा। इसके पूर्व शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने लोकसभा चुनाव के उम्मीवारों पर विचार के लिए सभी राज्यों की कोर कमेटी से बात की और उनका पक्ष जाना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, शिवराज सिंह चौहान, शाहनवाज हुसैन समेत पार्टी के कई शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में राज्य के पार्टी नेताओं ने अपनी-अपनी बात रखी।

नई दिल्‍ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में झारखंड के अलावा हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, गुजरात और गोवा में पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय करने पर चर्चा हुई। देर शाम शुरू हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक रात एक बजे तक चली। राज्य कमेटी ने अपनी सिफारिशें केंद्रीय चुनाव कमेटी को सौंप दी थीं और अंत में शॅार्ट लिस्टेड नामों पर शुक्रवार की रात चर्चा हुई। चर्चा के दौरान केंद्रीय कमेटी ने मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा का भी पक्ष जाना।

इस दौरान झारखंड के लोकसभा प्रभारी मंगल पांडेय भी मौजूद थे। इसके पूर्व झारखंड से पहुंचे नेताओं ने दोपहर में संगठन महामंत्री रामलाल और सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह के साथ बैठक कर विभिन्न नामों पर चर्चा की। यह बैठक दो घंटे  के करीब चली। 

Related posts

Leave a Comment