महागठबंधन की घोषणा होली के बाद गुरुजी की मौजूदगी में होगी -हेमंत सोरेन

झारखंड में प्रमुख विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल तथा अन्य वाम दलों के बीच महागठबंधन बनाने को लेकर विचार-विमर्श का सिलसिला जारी है। कुछ सीटों पर उम्मीदवार को लेकर महागठबंधन में शामिल दलों के बीच आपसी सहमति नहीं मिल पाने के कारण अब तक कई तरह के कायस लगाये जा रहे है। हालांकि झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने दावा किया है कि बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही महागठबंधन की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शनिवार की सुबह लई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह और कांग्रेस के अन्य नेता भी शामिल थे। बाद में हेमंत सोरेन ने ट्वीट करके कहा है कि आज सुबह में राहुल गांधी से उनकी मुलाकात हुई, इस मुलाकात में झारखंड में महागठबंधन से जुड़े विवादों को समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक (उपयोगी) चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में वामदलों को भी जोड़ा जाएगा। हेमंत सोरेन ने यह जानकारी भी दी है कि होली के बाद झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष शिबू सोरेन की मौजूदगी में महागठबंधन की घोषणा की जाएगी। हालांकि किस दल के हिस्से में कितनी सीटें दी गई है और कौन किस सीट पर लड़ेगा इसे लेकर कुछ भी खुलासा नहीं किया गया है।

दिल्ली में ही पत्रकारों से बातचीत में हेमंत सोरेन ने दावा किया कि सभी चीजें ठीक कर ली गई है. जो भी संशय था उसे दूर कर लिया गया है. विपक्ष इस बात पर सहमत है कि मजबूत और बेहतर प्रदर्शन किया जाए। गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे हेमंत सोरेन ने गठबंधन को लेकर पहले झारखंड के कांग्रेस प्रभारी से सीट दर सीट चर्चा की। भाकपा के नेता डी राजा से भी वाम दलों के हिस्सेदारी पर चर्चा की। इस मौके पर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा है कि ’गठबंधन को लेकर कोई विवाद नहीं है. किसी तरह का कोई पेच नहीं है. गठबंधन की घोषणा रांची में शिबू सोरेन की मौजूदगी में होगी। वाम दलों को गठबंधन में शामिल किए जाने के सवाल पर कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि वे सभी (वाम) पहले आपस में सहमति बनाएं और कोई एक सीट पर बात करें, तो विचार करेंगे।

Related posts

Leave a Comment