Skip to main content

Birsa Times

रांची में दुर्लभ दोमुंहा सांप के साथ युवक गिरफ्तार, न्यूक्लियस मॉल के पास झोले से बरामद

रांची में दुर्लभ दोमुंहा सांप के साथ युवक गिरफ्तार, न्यूक्लियस मॉल के पास झोले से बरामद

रांची। रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक दुर्लभ प्रजाति के रेड सैंड बोआ सांप के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। आम भाषा में इस सांप को दोमुंहा सांप कहा जाता है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित संपेरा बस्ती के रहने वाले दिलू नाथ के रूप में हुई है। उसे न्यूक्लियस मॉल के पास सर्कुलर रोड से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके झोले से सांप बरामद हुआ।

पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को अपने संरक्षण में ले लिया। सांप को बिरसा मुंडा जैविक उद्यान, ओरमांझी भेज दिया गया है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद सांप की उम्र लगभग दो से तीन वर्ष है।

क्या है रेड सैंड बोआ?

रेड सैंड बोआ उत्तर प्रदेश के अलावा झारखंड के कुछ इलाकों में भी पाया जाता है। इसका सिर देखने में दो हिस्सों जैसा प्रतीत होता है, इसलिए इसे आमतौर पर दोमुंहा सांप कहा जाता है। यह दुर्लभ प्रजाति का सांप है।

भाग्यशाली बताकर होता है कारोबार

रांची के डीएफओ श्रीकांत वर्मा ने बताया कि पुलिस से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सांप दिखाकर लोगों के साथ ठगी कर रहा है। युवक को थाने में रखे जाने की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम वहां पहुंची। जांच में उसके पास रेड सैंड बोआ मिला।

डीएफओ के मुताबिक, इस दुर्लभ सांप को कथित तौर पर भाग्यशाली बताकर इसका अवैध कारोबार किया जाता है। इसी धारणा का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करने और ठगी करने की आशंका रहती है।

वन विभाग ने दर्ज कराई प्राथमिकी

वन विभाग ने सांप को सुरक्षित स्थान पर भेजने के साथ ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस और वन विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक सांप को कहां से लाया था और रांची में उसे दिखाने या बेचने का उद्देश्य क्या था। वन्यजीवों के अवैध कारोबार से जुड़े किसी नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *