रांची। राजधानी रांची में रविवार को NEET-PG 2026 की परीक्षा चार केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां की हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए निर्धारित केंद्रों पर पहुंचे हैं।
चार केंद्रों पर हो रही परीक्षा
रांची में NEET-PG परीक्षा के लिए चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें राम टहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RTCIT), आनंदी ओरमांझी, अरुणिमा टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, सामलौंग, आईक्यूब डिजिटल, इरबा और ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, पुराना एचबी रोड शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। केंद्रों के बाहर भीड़ और किसी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। अभ्यर्थियों के प्रवेश और परीक्षा केंद्र परिसर की गतिविधियों पर भी सुरक्षा बल नजर बनाए हुए हैं।
200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रभावी है।
इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने, ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, अस्त्र-शस्त्र या हरवे-हथियार लेकर चलने तथा किसी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
परीक्षा की शुचिता पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।
रांची डीसी ने दी जानकारी
रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि NEET-PG परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और व्यवस्थित संचालन के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के साथ-साथ विधि-व्यवस्था की भी लगातार निगरानी की जा रही है।
डीसी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि अभ्यर्थियों को निर्बाध और शांतिपूर्ण माहौल मिले, ताकि वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें।
