Skip to main content

Birsa Times

गिरिडीह में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात आरोपी गिरफ्तार; 13 मामलों का खुलासा

गिरिडीह में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात आरोपी गिरफ्तार; 13 मामलों का खुलासा

-24.5 ग्राम गलाया हुआ सोना, दो बाइक, नकदी और चोरी का सामान बरामद
गिरिडीह।
गिरिडीह जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच गिरिडीह पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। बगोदर-सरिया और खोरीमहुआ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई 13 चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने एक गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई पल्सर और बुलेट मोटरसाइकिल समेत सोना, नकदी, चांदी की पायल, कांसा-पीतल के बर्तन, गैस सिलेंडर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के उद्भेदन और रोकथाम के लिए विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम तकनीकी आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली और कथित चोर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात सरिया थाना और भरकट्टा ओपी की गश्ती टीम ने बागोडीह में चोरी की घटना को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों का पीछा किया था। इस दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का औजार, एक की-पैड मोबाइल और अन्य सामग्री बरामद की गई थी। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 24.5 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया है, जिसका अनुमानित मूल्य 3.70 लाख रुपये बताया गया है। इसके अलावा 25 हजार रुपये नकद, चांदी की एक पायल, करीब 25 किलोग्राम कांसा और पीतल के बर्तन, दो गैस सिलेंडर, एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक बुलेट मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का औजार बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह, कृष कुमार, संतोष प्रसाद, हर्ष कुमार, अनिल वर्मा और राजेश कुमार कसेरा के रूप में हुई है। सभी गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कन्हैया कुमार सिंह और सुजीत कुमार सिंह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। कन्हैया का नाम धनवार थाना कांड संख्या 55/2026 में दर्ज है। वहीं, सुजीत कुमार सिंह का नाम धनवार थाना कांड संख्या 55/2026 और हीरोडीह थाना कांड संख्या 87/2025 में दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी से सरिया थाना क्षेत्र के पांच, धनवार के दो, बिरनी एवं भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चार और बगोदर थाना क्षेत्र के दो चोरी के मामलों का उद्भेदन हुआ है। इन मामलों में सरिया थाना कांड संख्या 85/26, 125/26, 145/26, 148/26 और 159/26; धनवार थाना कांड संख्या 165/26 और 266/26; बिरनी थाना एवं भरकट्टा ओपी कांड संख्या 220/26, 227/26, 228/26 और 229/26 तथा बगोदर थाना कांड संख्या 155/26 और 180/26 शामिल हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *