संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हुई बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 16 मवेशियों की मौत हो गई। घटना गणेशपुर पंचायत क्षेत्र के अलग अलग स्थानों की बताई जा रही है। इस प्राकृतिक आपदा में कई किसानों को एक लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है। मवेशियों की अचानक मौत से पीड़ित किसानों और उनके परिवारों में चिंता का माहौल है।जानकारी के अनुसार सोमवार को क्षेत्र में अचानक मौसम बदला और बारिश के साथ तेज वज्रपात हुआ। इसी दौरान खुले स्थानों पर मौजूद मवेशी वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में सोमर यादव के दो बैल और एक गाय,आशा देवी की तीन बकरियां और दो गाय,केशव उरांव के दो बैल,ललिता देवी की दो गाय और तीन बकरियां तथा मंगरा उरांव के एक बैल की मौत हो गई।पीड़ित किसानों ने बताया कि मवेशी उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन थे। खेती किसानी के कार्यों के अलावा पशुपालन से भी उन्हें आर्थिक सहयोग मिलता था। अचानक हुई इस घटना से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। कई किसानों के सामने अब खेती किसानी और परिवार के भरण पोषण को लेकर परेशानी खड़ी हो गई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने बताया कि गांव के समीप ही चारा खिलाने के लिए जानवर को छोड़ गया था लेकिन अचानक वज्रपात होने से यह घटना घट गई साथ ही साथ ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पीड़ित किसानों ने स्थानीय प्रशासन से मवेशियों की मौत का सर्वे कराकर सरकारी नियमों के तहत उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इस नुकसान की भरपाई करना काफी कठिन है। उन्होंने प्रशासन से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
वज्रपात से सोलह मवेशियों की मौत, किसानों को एक लाख से अधिक की क्षति
