शिकारीपाड़ा/दुमका/ आदिवासी एक्सप्रेस।
दुमका पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में गिट्टी से लदे एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की खेप बरामद की है। पुलिस अधीक्षक दुमका को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रामपुरहाट की ओर से आ रहे ट्रक (BR11GC 5968) को चेकिंग के दौरान रोका गया। तलाशी लेने पर गिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 13 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद हुई, जिसे पश्चिम बंगाल से बिहार ले जाया जा रहा था।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में बिहार के खगड़िया जिले के चौथम थाना अंतर्गत ब्रह्मा गांव निवासी मनोज यादव तथा दुमका जिले के रानेश्वर थाना क्षेत्र के हकीकतपुर गांव निवासी अजीमुद्दीन खान और समीरूल खान शामिल हैं। पुलिस ने गिट्टी और शराब से लदे ट्रक को जब्त करते हुए संबंधित धाराओं एवं उत्पाद अधिनियम के तहत शिकारीपाड़ा थाने में मामला दर्ज कर लिया है।
इस सफल छापामारी अभियान का नेतृत्व सदर दुमका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खलखो ने किया। टीम में शिकारीपाड़ा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक आनंद हेम्ब्रम, आशीष कुमार भारद्वाज, हेमंत सिंह भोगता, साक्षर आरक्षी चुनचुन कुमार यादव और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
