संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बारियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाड़ा गांव में शनिवार देर शाम मधुमक्खियों के झुंड के हमले में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई,जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान ढाड़ा गांव निवासी राजेश भुइयां के छह वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। घायलों में पीयूष कुमार 8 वर्ष,आयुष कुमार 6 वर्ष,अमित भुइयां 9 वर्ष और करीब 80 वर्षीय रूदनी मासोमात शामिल हैं।घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम सभी लोग अपने घर के समीप बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।जिससे सभी लोग जख्मी हो गए। घटना के बाद गांव में ही प्राथमिक उपचार कराने के पश्चात सभी लोग रात में सो गए। इधर,आर्यन की मां को किसी अनहोनी की आशंका हुई। वह रात करीब दो बजे अपने बेटे को जगाने पहुंचीं लेकिन काफी प्रयास के बावजूद आर्यन नहीं उठा। इसके बाद परिजन आनन फानन में उसे बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक संजय सिद्धार्थ ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।वहीं,मधुमक्खियों के हमले में घायल अन्य चार लोग रविवार अहले सुबह बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे,जहां उनका उपचार किया गया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम आर्यन की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।
मधुमक्खियों के काटने से छह वर्षीय बच्चे की मौत, चार अन्य घायल
