Skip to main content

Birsa Times

एंबुलेंस का इंतजार नहीं, पुलिस वाहन बना सहारा; थाना प्रभारी ने घायल को पहुंचाया अस्पताल

एंबुलेंस का इंतजार नहीं, पुलिस वाहन बना सहारा; थाना प्रभारी ने घायल को पहुंचाया अस्पताल

-थाना प्रभारी ने खुद पहुंचकर घायल को पहुंचाया अस्पताल, मानवीय पहल की हो रही सराहना
आदिवासी एक्सप्रेस /संतोष कुमार दास
चतरा :
हंटरगंज थाना पुलिस ने एक बार फिर मानवता और तत्परता का परिचय दिया। सड़क पर घायल युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था और एंबुलेंस का इंतजार हो रहा था। ऐसे वक्त में हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार ने देर किए बिना खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय घायल को पुलिस वाहन से तत्काल हंटरगंज सीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ।जानकारी के अनुसार, हंटरगंज थाना क्षेत्र के नागर स्थित प्रिंस होटल के समीप चतरा-डोभी मुख्य पथ पर बीती देर रात एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे।घायल की हालत गंभीर देखकर थाना प्रभारी ने एंबुलेंस का इंतजार करना उचित नहीं समझा। उन्होंने तत्काल पुलिस वाहन की व्यवस्था कर घायल को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने तुरंत उसका उपचार शुरू किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।घायल युवक की पहचान बिहार के गया जिले के अमारुद निवासी विनय कुमार सिंह के 30 वर्षीय पुत्र विभूति कुमार के रूप में हुई है।

समय पर मदद बनी जिंदगी की उम्मीद
हादसे के बाद घायल सड़क पर पड़ा था और एंबुलेंस के इंतजार में समय बीत रहा था। ऐसे समय में थाना प्रभारी संदीप कुमार का खुद मौके पर पहुंचना और तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने उनकी तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय सोच की सराहना की है।लोगों का कहना है कि पुलिस की यह पहल सिर्फ ड्यूटी निभाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि जरूरत के समय इंसानियत की मिसाल भी बनी। थाना प्रभारी ने यह दिखाया कि गंभीर परिस्थिति में कुछ मिनटों की तत्परता भी घायल के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।थाना प्रभारी संदीप कुमार ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर सावधानी बरतें, गति नियंत्रित रखें और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *