-कूड़े-कचरे से परेशान शहरवासी, नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
-बिश्रामपुर विधानसभा विशेष प्रतिनिधि/ दीपक यादव
विश्रामपुर,पलामू। बिश्रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। शहर में पिछले एक सप्ताह से नियमित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कूड़े-कचरे का ढेर जमा हो गया है। इससे स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गंदगी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं दुर्गंध से भी लोग परेशान हैं।
नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की बदहाली ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर परिषद की है, लेकिन एक सप्ताह से सफाई नहीं होने की शिकायतें व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। सड़कों और आसपास जमा कचरे के कारण लोगों को संक्रमण और बीमारियों के फैलने की आशंका सता रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा समय पर सफाई नहीं कराए जाने से परेशानी लगातार बढ़ रही है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल सफाई अभियान चलाने और नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी निभाने वाला नगर परिषद प्रशासन कब जागेगा? शहरवासियों को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी जल्द पहल करेंगे और उन्हें गंदगी से निजात मिलेगी।
