शिकारीपाड़ा/दुमका/ आदिवासी एक्सप्रेस।
-झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से बड़ी खबर आ रही है। रामगढ़ के पास बालू लदे एक बेकाबू हाइवा ने सामने से आ रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि कार का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। दुर्घटना के बाद हाइवा का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आगे की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि यह बालू लदा हाइवा दुमका से रामपुरहाट की ओर जा रहा था, जबकि कार इसके विपरीत दिशा से आ रही थी। हैरानी की बात यह है कि महज एक हफ्ते के भीतर उसी जगह के आस-पास यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले इसी क्षेत्र में दो बालू लदे हाइवा आपस में टकरा गए थे, जिसमें एक हाइवा पुल पर पलट गया था और दूसरा नदी के नीचे जा घुसा था।
लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर दिन सैकड़ों की संख्या में बालू लदे भारी वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। एनजीटी (NGT) के नियमों के बावजूद बालू का अवैध परिवहन धड़ल्ले से जारी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन वाहनों की जांच क्यों नहीं की जा रही है और क्या इनके चालकों के पास वैध चालान है या नहीं?
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई और स्थिति पर कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। लेकिन सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

