रिपोर्ट- अविनाश मंडल
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित बंद खदान से अज्ञात शव बरामद होने के मामले का पाकुड़ पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 13.10.2026 को मालीपाड़ा बंद खदान से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या- 236/2026, धारा- 103 (1)/238 बी•एन•एस• के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष SIT का गठन किया गया। SIT दल ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान मंटू दास, पिता-छतिस दास, स्थायी पता-धोबना, दुमका, वर्तमान पता-धनुषपूजा (बस स्टैंड के पीछे), नगर थाना, पाकुड़ के रूप में की।
संपत्ति के लालच में की थी हत्या
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक मंटू दास का साला साबीर सोरेन पशुपालन विभाग, पाकुड़ में कार्यरत है और आरोपी आलोक मुर्मू के घर में किराए पर रहता है। साबीर सोरेन का कोई उत्तराधिकारी नहीं है और मंटू दास ही उसकी संपत्ति की देखभाल करता था। आरोपियों ने योजना बनाई कि मंटू दास की हत्या कर साबीर सोरेन को विश्वास में लेकर उसके वेतन का उपयोग करेंगे और उसकी मृत्यु के बाद संपत्ति पर कब्जा कर लेंगे। इसी लालच में तीनों ने कुल्हाड़ी और हथौड़े से हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को मृतक की मोटरसाइकिल के साथ रस्सी से बांधकर बंद खदान में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, हथौड़ा, मृतक की पल्सर बाइक संख्या- JH04V4094 को खदान के पानी से और घटना में प्रयुक्त दूसरी पल्सर 220 बाइक संख्या-JH16K5241 को बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- आलोक मुर्मू, पिता- स्व. मनोज मुर्मू, सा.- सिमलोती, शिकारीपाड़ा, दुमका, वर्तमान- धनुषपूजा, पाकुड़
- प्रीतम हेम्ब्रम, पिता- प्रशांत हेम्ब्रम, सा.- धनुषपूजा, पाकुड़
- प्रिंस हेम्ब्रम, पिता- प्रशांत हेम्ब्रम, सा.- धनुषपूजा, पाकुड़
बरामद सामान: कुल्हाड़ी, हथौड़ा, रस्सी, खून लगा झोला व कपड़ा और दो मोटरसाइकिल।
छापेमारी टीम में SDPO कुमार गौरव, पु.नि. जॉन मुर्मू, सन्नी सुप्रभात, अभिषेक कुमार, अनंत साह, मिथुन रजक, सुबल कुमार दे, अरविंद कुमार राय, आरक्षी सूरज मुर्मू सहित नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
