आदिवासी एक्सप्रेस पतना, प्रतिनिधि
रांगा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव से ट्रैक्टर चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंवरपुर निवासी उत्तम पंडित (23) के रूप में हुई है। पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद आरोपी को सोमवार की रात गांव के आसपास से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, गत 17 सितंबर की रात कुंवरपुर से ट्रैक्टर संख्या जेएच 17 एबी 5070 चोरी हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद रांगा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल छापेमारी शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जंगल से चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया था।
ट्रैक्टर बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से घबराकर आरोपी उत्तम पंडित गांव के आसपास ही छिपकर रह रहा था। इसी दौरान पुलिस को उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली, जिसके आधार पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ में सामने आया सहयोगी का नाम
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि उसने गोड्डा निवासी छोटू पंडित के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब उसके बताए सहयोगी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
ट्रैक्टर की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने रांगा थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए जांच और छापेमारी जारी है।
