रिपोर्ट -लालू कुमार यादव
-वृद्ध पेंशनधारी लाभुकों ने उपायुक्त पलामू से की अविलंब बकाया पेंशन राशि भुगतान कराने की मांग
-लोहबंधा गांव सहित महुडंड पंचायत के वृद्धों की बढ़ी परेशानी
-15 से 30 किलोमीटर दूर तक बैंक जाने को मजबूर हैं लाभूक
हुसैनाबाद,पलामू। प्रखंड क्षेत्र के सुदूरवर्ती महुडंड पंचायत अंतर्गत लोहबंधा गांव के दो दर्जन से अधिक वृद्ध पेंशनधारी लाभुकों को पिछले छह माह से पेंशन की राशि नहीं मिली है। जिससे पेंशनधारियों के समक्ष अभी के समय काफी समस्या उत्पन्न हो गई है। मालूम हो कि लोहबंधा गांव के वृद्ध पेंशनधारी लाभुकों का पेंशन का भुगतान मोहम्मदगंज व हुसैनाबाद प्रखंड क्षेत्र स्थित बैंक से होता है। अभी के समय क्षेत्र में ठंड की प्रकोप है। इसके बावजूद वृद्ध पेंशनधारी लाभुकों को प्रतिदिन 15 से 30 किलोमीटर की दूरी तय कर बैंक पहुंच रहे हैं और पेंशनधारी लाभुकों के खाते में पेंशन की राशि नहीं रहने पर बैंक कर्मियों के द्वारा पेंशन की राशि नहीं आने की बात कहकर लौटा दिया जा रहा है। जिससे वृद्ध पेंशनधारियों में सरकार व जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रति काफी आक्रोश व्याप्त है।
मौके पर वृद्ध पेंशनधारी लाभुकों ने पत्रकार के समक्ष अपनी दर्द बयां करते हुए जैमुन बीबी ने कहा कि हमन के छह महीना से वृद्धा पेंशन नइखे मिलत, पैसा मिलल रहत त दवाई करवा हलि। हमन के वृद्धा पेंशन ही जिये के आधार हन, पैसा के अभाव में हमन के हालत खराब हो गई। इस दौरान मौके पर बुजुर्गों में तौहीद अंसारी को कहना है कि वृद्धा पेंशन मिलने से उन्हें काफी राहत होती थी, परंतु पिछले छह माह से वृद्ध पेंशनधारी लाभुकों का पेंशन भुगतान बंद है। इस कारण अब जीवन यापन करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर वृद्ध पेंशनधारी लाभुकों ने सरकार व उपायुक्त पलामू से अविलंब बकाया पेंशन राशि भुगतान करने की मांग की है।
मौके पर पत्रकारों के समक्ष अपना दर्द बयां करने वालों में जैमुन बीबी, हसीना बीबी, नजमा बीबी, शहीदा बीबी, जीरा देवी, लाखो देवी, कनिजा बीबी, नुरेशा बीबी, तौहीद अंसारी, मंगर भुइयां, मोहम्मदीन अंसारी, सीता देवी, मुनेश्वर परहिया, राजो देवी, चतुर्गुण भुइयां सहित बड़ी संख्या में वृद्ध पेंशनधारी लाभुक मौजूद थे।
