Skip to main content

Birsa Times

रांची में बाइक राइडिंग का लुत्फ उठाते दिखे एमएस धोनी, सामने आया ‘कैप्टन कूल’ का नया अंदाज

रांची में बाइक राइडिंग का लुत्फ उठाते दिखे एमएस धोनी, सामने आया ‘कैप्टन कूल’ का नया अंदाज

ब्लैक टी-शर्ट और ग्रे हाफ पैंट में नजर आए माही, हेलमेट पहनकर बाइक चलाते दिखे पूर्व भारतीय कप्तान
रांची। क्रिकेट के मैदान से दूर होने के बाद भी पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का अंदाज और शौक पहले जैसा ही है। आईपीएल से संन्यास के ऐलान के बाद जहां दुनियाभर में उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा तेज है, वहीं माही रांची की सड़कों पर बेफिक्र होकर बाइक राइडिंग का आनंद लेते नजर आए। धोनी की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वह ब्लैक टी-शर्ट, हल्के ग्रे हाफ पैंट और हेलमेट पहने बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। उनकी इन तस्वीरों को देखकर एक बार फिर उनके बाइक प्रेम की चर्चा शुरू हो गई है।

100 से अधिक बाइकों का है कलेक्शन

महेंद्र सिंह धोनी को बाइक राइडिंग का काफी शौक है। रांची के सिमलिया स्थित उनके आलीशान आवास में करीब 100 से अधिक मोटरसाइकिलों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था है। उनका बाइक कलेक्शन किसी बड़े शोरूम से कम नहीं दिखाई देता।

धोनी के कलेक्शन में कावासाकी निंजा H2, सुजुकी हायाबुसा, हार्ले डेविडसन फैट बॉय, डुकाटी 1098, यामाहा RD350, यामाहा RX100, जावा 42 बॉबर और TVS Apache RR 310 जैसी कई शानदार बाइक शामिल हैं। हालांकि, एक हालिया साक्षात्कार में उन्होंने बताया था कि उनके पास मौजूद 100 से अधिक बाइकों में से करीब 35 ही ऐसी हैं, जिन्हें चलाने की स्थिति में रखा गया है।

रिंग रोड पर अक्सर करते हैं राइडिंग

यह पहली बार नहीं है जब धोनी रांची की सड़कों पर बाइक चलाते नजर आए हैं। वह अक्सर रिंग रोड और शहर के दूसरे इलाकों में बाइक राइडिंग करते दिखाई देते हैं। JSCA स्टेडियम में अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए भी वह कई बार बाइक से पहुंचते रहे हैं।

एक बार उन्होंने रांची के एक स्थानीय क्रिकेटर को लिफ्ट भी दी थी। बाइक के प्रति इसी जुनून के कारण बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम के साथ भी उनकी अच्छी दोस्ती रही है।

क्रिकेट के बाद नई भूमिका में माही

महेंद्र सिंह धोनी वर्ष 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। आईपीएल के शुरुआती सीजन यानी 2008 से ही वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से जुड़े रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता और दो बार चैंपियंस लीग टी-20 की ट्रॉफी अपने नाम की।

आईपीएल से भी संन्यास के ऐलान के बाद अब क्रिकेट में धोनी की अगली भूमिका को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, क्रिकेट से दूरी के बावजूद बाइक राइडिंग जैसे उनके पुराने शौक बरकरार हैं। रांची की सड़कों पर उनकी ताजा तस्वीरें इसी बात की झलक पेश करती हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *