आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
कोडरमा : कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को पुलिस ने एक किशोरी के साथ कथित यौन शोषण के मामले में शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पीड़िता हजारीबाग की रहने वाली है और कुछ दिनों से सिविल सर्जन के संपर्क में आई थी। पीड़िता की शिकायत है कि सिविल सर्जन उसे झांसा देकर लगातार यौन शोषण करते रहे। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ. अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में कोडरमा महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। साथ ही, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) में पीड़ित किशोरी का बयान दर्ज कराया गया है।
हालांकि, पुलिस शनिवार देर रात तक आधिकारिक रूप से इस मामले में कुछ बताने से बचती रही। पीड़िता की ओर से शिकायत में लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है। गंभीर आरोपों के देर रात सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में भी खलबली मच गई है।
खबर के मुख्य बिंदु
हजारीबाग की रहने वाली बताई जा रही है पीड़िता, शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई। महिला थाना में मामला दर्ज होने की सूचना, बाल कल्याण समिति में पीड़ित किशोरी का बयान दर्ज कराया गया। पुलिस शनिवार को कुछ भी बताने से बचती रही।
