आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
मिर्जाचौकी/मालदा: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (CIB) मालदा और RPF पोस्ट साहिबगंज की संयुक्त टीम ने ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने साहिबगंज–जमालपुर पैसेंजर ट्रेन से लावारिस हालत में रखी 99 लीटर देशी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹29,700 आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर चला सघन चेकिंग अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध शराब तस्करी की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीम को ट्रेन में शराब ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर RPF/CIB मालदा के एएसआई रवि शंकर यादव व हेड कांस्टेबल स्वपन कुमार घोष तथा RPF साहिबगंज के एएसआई रवींद्र कुमार तिवारी व उनके स्टाफ ने ट्रेन संख्या 63431 (साहिबगंज–जमालपुर पैसेंजर) में साहिबगंज से मिर्जाचौकी के बीच सघन निगरानी शुरू की।
टॉयलेट के पास सीट के नीचे छिपाकर रखे थे बोरे
करमटोला स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद बोगी संख्या ER-218207/C की जांच के दौरान टीम की नजर शौचालय के पास सीट के नीचे रखे दो संदिग्ध प्लास्टिक बोरों (एक हरा और एक सफेद) पर पड़ी। बोगी में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उन बोरों पर अपना दावा नहीं किया।
मिर्जाचौकी स्टेशन पर बोरों की तलाशी में निकली शराब
सुबह करीब 07:50 बजे ट्रेन के मिर्जाचौकी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर पहुंचते ही सुरक्षा बल ने दोनों बोरों को सुरक्षित नीचे उतारा। नियमानुसार की गई तलाशी में:
- हरे रंग के बोरे से: 1-1 लीटर की 55 बोतलें देशी शराब (अनुमानित मूल्य ₹16,500)
- सफेद रंग के बोरे से: 1-1 लीटर की 44 बोतलें देशी शराब (अनुमानित मूल्य ₹13,200)
कुल 99 बोतलों में भरी 99 लीटर देशी शराब को मौके पर लावारिस घोषित कर विधिवत जब्त कर लिया गया। जब्ती सूची तैयार करने के बाद बरामद शराब को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए RPF पोस्ट साहिबगंज को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जा रही थी।
