रामगढ़। रामगढ़ थाना क्षेत्र में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता पानेश्वर महतो के कथित अपहरण से हड़कंप मच गया। मंगलवार देर रात कैथा-गोबरदरहा चौक के पास कुछ लोग खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें बोलेरो में बैठाकर ले गए। सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस सक्रिय हुई और रातभर छापेमारी अभियान चलाकर बुधवार सुबह पानेश्वर महतो को हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे काले रंग की बोलेरो में सवार 4-5 लोग गोबरदरहा चौक के पास पहुंचे। उन्होंने खुद को कुजू ओपी का पुलिसकर्मी बताया और पानेश्वर महतो को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन रास्ते से हजारीबाग की ओर ले जाया गया।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई रामगढ़ पुलिस
पानेश्वर महतो के लापता होने की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ पुलिस ने तत्काल छानबीन शुरू की। जिले के विभिन्न इलाकों में तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए हजारीबाग की ओर भी कार्रवाई शुरू की।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने बुधवार सुबह पानेश्वर महतो को हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने उनकी बरामदगी की पुष्टि की है।
हजारीबाग सदर अस्पताल में मेडिकल
बरामदगी के बाद पानेश्वर महतो को हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें अपने साथ ले जाने वाले लोग कौन थे और उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताकर इस वारदात को क्यों अंजाम दिया।
पूरे मामले की जांच जारी
रामगढ़ एसपी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस घटना के पीछे किसका हाथ है और अपहरण का वास्तविक मकसद क्या था। जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
