-मुंगेर में फिल्मी स्टाइल में एक ट्रक ड्राइवर ने बैरियर तोड़ दिया और निकल भाग निकला
-पुलिस पीछे लगी तो 10 किलोमीटर दूर जाकर चालक व खलासी ट्रक से कूद कर फरार हो गया
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर: आपने मशहूर फिल्म गदर का वो गाना सुना होगा कि ‘मैं निकला गड्डी लेके,सब फाटक, सब सिग्नल, मैं तोड़ आया’। मुंगेर में एक ड्राइवर ने कुछ ऐसा ही कर दिया। मुंगेर फोरलेन पर टोल प्लाजा के पास गुरुवार की देर रात ट्रैफिक डीएसपी गाड़ी जांच अभियान चला रहे थे। इसी बीच एक ट्रक बैरियर तोड़ कर भाग निकला। बताया जा रहा है कि वाहन जांच अभियान के दौरान स्टोन चिप्स लदा एक ट्रक बैरियर तोड़कर तथा जांच में जुटे जवानों को कुचलने का प्रयास करते हुए तेज रफ्तार से भाग गया। इसके बाद ट्रैफिक डीएसपी ने बरियारपुर और शामपुर थाना को इसकी सूचना देते हुए भाग रहे ट्रक का पीछा किया। 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बरियारपुर मोड़ के समीप ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दो लोग उतरकर भाग गए।
कागजात पूरे नहीं दिखा पाया ड्राइवर
पीछा करते हुए पहुंचे ट्रैफिक डीएसपी ने ट्रक की जांच की। जिस पर स्टोन चिप्स लदा था। ट्रक पर मौजूद खलासी से ड्राइविंग लाइसेंस और स्टोन चिप्स का माइनिंग चालान दिखाने को कहा गया । खलासी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं दिखा पाया जबकि चालान चार दिन पुराना था । ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि बैरियर तोड़कर भाग रहे स्टोन चिप्स लदे ट्रक संख्या JH12 Q9241 को जब्त करते हुए इसकी सूचना खनन निरीक्षक प्रिया कुमारी को दी गई।
पुलिस जवानों को कुचलने की भी कोशिश
साथ ही वरीय पुलिस अधिकारी को इससे अवगत कराया गया। ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि रात में फोरलेन पर टोल प्लाजा के समीप उनकी मौजूदगी में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सुल्तानगंज की ओर से आ रहे ट्रक को रोकने का इशारा करने पर ट्रक तेज गति से बैरियर तोड़ते हुए भाग गया। इस दौरान पुलिस जवान ट्रक की जद में आने से बाल-बाल बच गए।
10 किलोमीटर दूर जाकर पकड़ा गया ट्रक, ड्राइवर फरार
जांच में लगे जवानों को कुचलने का प्रयास करते हुए ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया। पीछा करने के दौरान बरियारपुर मोड़ के समीप उक्त ट्रक को पकड़ा गया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ट्रक से कूद कर दो लोग भागने में सफल रहे। ट्रक पर मौजूद खलासी से ड्राइविंग लाइसेंस और चालान की डिमांड किए जाने पर वह लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका जबकि चालान चार दिन पुराना दिखाया। ट्रक पर लदे स्टोन चिप्स के वैधता की जांच के लिए खनन निरीक्षक प्रिया कुमारी को सूचना दी गई। खनन निरीक्षक प्रिया कुमारी ने बताया कि ट्रैफिक डीएसपी ने फोन कर इसकी सूचना दी है। किस थाने में ट्रक को रखा गया है इसकी जानकारी डीएसपी से लेकर जांच की जाएगी।
