संवाददाता/जिला व्यूरो इरफान अंसारी/दिव्य दिनकर न्यूज
राँची। पिठौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बुचा घाटी में रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार LP ट्रक ने कार और तीन बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, पिठौरिया से पतरातू की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक पहले WB38AY4739 नंबर की कार को अपनी चपेट में लेकर अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रक ने JH01BB3022, CG16CR9783 और JH01GH1016 नंबर की तीन बाइकों को भी टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान ट्रक एक बाइक को कई किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
दो लोगों की मौत
हादसे में मृतकों की पहचान बड़कागांव क्षेत्र के केरेदारी प्रखंड अंतर्गत पचरा गांव निवासी अंकित कुमार, पिता मनोज साहू तथा गोपाल राम, पिता महेश राम, निवासी काजी नगर, थाना हैदरनगर, जिला पलामू के रूप में बताई गई है। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
चार लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पिठौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रक जब्त, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त LP ट्रक को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, पुलिस इसकी जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक घायलों का इलाज जारी था। उनकी स्थिति को लेकर किसी की मौत की सूचना प्राप्त नहीं हुई थी।

