Skip to main content

Birsa Times

लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ के कारण 7 की मौत; कई घायल

लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ के कारण 7 की मौत; कई घायल

लखीसराय। बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भारी भीड़ के बीच टूटी बैरिकेडिंग

सोमवार सुबह सावन के तीसरे सोमवार के कारण अशोकधाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के अनुसार, सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच दो ट्रेनों के पहुंचने से भीड़ और बढ़ गई। इसी दौरान एक तरफ की बैरिकेडिंग टूट गई और श्रद्धालु एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बिजली के खंभे को लेकर फैली अफवाह

SDPO शिवम कुमार ने बताया कि सात लोगों की मौत की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, बिजली का खंभा गिरने और करंट फैलने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अशोकधाम हाल्ट पर एक ही समय में दोनों तरफ से ट्रेन आने के बाद कुछ युवक अचानक भागने लगे। इसी दौरान बिजली के पोल के गिरने और करंट फैलने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं में दहशत पैदा हो गई और भगदड़ मच गई। हालांकि, बताया जा रहा है कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

लखीसराय हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि अशोकधाम की घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। श्रद्धालुओं की मौत की खबर से मन व्यथित है। उन्होंने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की बात कही तथा दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राजीव रंजन सिंह ने भी जताई संवेदना

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सावन के तीसरे सोमवार के कारण अशोकधाम में भारी भीड़ थी। इसी दौरान बिजली के तार या खंभे के गिरने और करंट फैलने की अफवाह से लोगों में दहशत फैल गई, जिसके बाद भगदड़ मच गई। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *