-अजय कुमार कुशवाहा बरहरवा
-रांगा थाना क्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा, रांगा हाट से फल-सब्जी बेचकर बरहरवा लौट रहे थे सभी पांच लोग, टोटो के उड़े परखच्चे
बरहरवा:- साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा-बरहेट मुख्य मार्ग पर केशरो गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार हाइवा और टोटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हाइवा के अगले पहिए में फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान मोगलपाड़ा निवासी साहिल शेख (18 वर्ष), कयूम खान (24 वर्ष) तथा धरमपुर निवासी किशोर साह (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना में मोगलपाड़ा निवासी सूरज खान (19 वर्ष) और अहिल खान (13 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।
रांगा हाट से लौटने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टोटो पर सवार पांचों लोग रांगा में लगने वाले साप्ताहिक हाट में फल और सब्जियां बेचने गए थे। हाट में अपना सामान बेचने के बाद सभी टोटो से बरहरवा लौट रहे थे। इसी दौरान केशरो गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा से टोटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान एक और युवक ने तोड़ा दम
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कयूम खान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस प्रकार दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। हादसे में घायल सूरज खान और अहिल खान की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ जुट गई। तीन लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले खतरों को उजागर किया है। एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
