Skip to main content

Birsa Times

झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत तमाम नेताओं ने दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत तमाम नेताओं ने दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत तमाम नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। अपने संदेशों में नेताओं ने इस पर्व को सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक बताते हुए सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना की।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विजयादशमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लाए और समाज में शांति, सद्भाव एवं सकारात्मकता को और मजबूत करे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विजयादशमी को असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व याद दिलाता है कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः जीत सत्य की ही होती है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अन्याय, भेदभाव और बुराइयों के खिलाफ खड़े होने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए ‘शुभो विजया’ भी कहा।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी प्रदेशवासियों को विजयादशमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मरांडी ने प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ किया।

रांची के भाजपा सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को सत्य, सदाचार, धर्म और न्याय की विजय का महापर्व बताया। संजय सेठ ने कामना की कि प्रभु श्रीराम की कृपा से सभी के जीवन में शक्ति, भक्ति और धैर्य का संचार हो तथा मानव कल्याण के लिए नई ऊर्जा मिले। उन्होंने भी अपने संदेश में ‘जय श्रीराम’ कहा।

इसी क्रम में कोडरमा की भाजपा सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी प्रदेशवासियों को विजयादशमी की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश की शुरुआत ‘ॐ रां रामाय नमः’ से की। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विजयादशमी धर्म, धैर्य, सत्य और न्याय की विजय का महापर्व है। उन्होंने प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के हृदय में धर्म, सत्य, सद्गुण और न्याय की स्थापना के लिए अक्षय प्रेरणा का संचार करे।-

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *