विकाश कुमार कान्हाचट्टी
राजपुर थाना क्षेत्र की बैंगोकला पंचायत अंतर्गत गाड़िया गांव में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र के पास बने पुल के नीचे एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गाड़िया गांव निवासी स्व. धनेश्वर यादव के 36 वर्षीय पुत्र विजय यादव के रूप में की गई है। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद राजपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की स्थिति और आसपास के साक्ष्यों का बारीकी से मुआयना कर रही है।पुल के नीचे शव मिलने से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवक की कहीं अन्यत्र हत्या कर शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से पुल के नीचे फेंका गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते दो महीनों के भीतर गाड़िया गांव में यह इस तरह की दूसरी घटना है। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है।फिलहाल पुलिस मामले को हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित बिंदुओं से जोड़कर तफ्तीश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पुल के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
