Birsa Times

घूरा कब्जाने का आरोप, बुजुर्ग विधवा ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

घूरा कब्जाने का आरोप, बुजुर्ग विधवा ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

माधौगढ़ (जालौन)। तहसील क्षेत्र के राठौरनपुरा गांव निवासी एक बुजुर्ग विधवा महिला ने गांव के कुछ दबंगों पर उसके घूरे (गोबर के ढेर) को जबरन उठाकर अपने खेतों में डाल लेने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने उपजिलाधिकारी माधौगढ़ को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राठौरनपुरा गांव निवासी बुजुर्ग विधवा महिला कण्ठ श्री ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी माधौगढ़ को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में स्थित उसका घूरा, जिसमें लंबे समय से गोबर और अन्य जैविक खाद एकत्र थी, उसे कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने बिना अनुमति जबरन भरवाकर अपने खेतों में डलवा लिया।

महिला का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में विरोध जताया और अपना हक मांगा तो आरोपितों ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, आरोपित मारपीट पर भी आमादा हो गए, जिससे वह भयभीत हो गई। पीड़िता ने बताया कि वह एक बुजुर्ग विधवा महिला है और अकेले होने के कारण स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है।

मंगलवार को दोपहर लगभग एक बजे तहसील पहुंचकर महिला ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने तथा उसके नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी कार्यालय द्वारा शिकायत प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *