दीपक यादव
पांडू,पलामू। जिले के पांडु थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुडीखाड़ की रहने वाली 22 वर्षीय सुनीता कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।मृतका के पति का नाम अंजन कुमार कुशवाहा बताया जा रहा है।घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में सुनीता को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन अस्पताल पहुंच गए।इसी दौरान गढ़वा सदर अस्पताल परिसर में मायका पक्ष और ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई,जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई।बताया जा रहा है कि मायका पक्ष के कुछ लोगों ने ससुराल पक्ष के सदस्यों के साथ हल्की मारपीट भी की।स्थिति बिगड़ती देख ससुराल पक्ष के लोग वहां से निकल गए।इसके बाद मायका पक्ष के लोगों द्वारा फोन के माध्यम से घटना की जानकारी संबंधित लोगों को दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा नगर थाना से संपर्क स्थापित किया गया,जिसके बाद पुलिस की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका के शव को अंतिम संस्कार के लिए वापस उसके गांव बुडीखाड़,थाना पांडु,पलामू भेज दिया गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।